तुमगांव:घर का ताला तोड़कर 47,650 रुपए के सामान पर हाथ साफ पढ़े पूरी खबर

तुमगांव। ग्राम तेन्दुवाही में अज्ञात चोर ने एक घर में चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए नगदी, चांदी की पायल, सोने के लॉकेट और मोबाइल समेत करीब 47,650 रुपए का सामान पार कर दिया। घटना 2 सितंबर की दोपहर की बताई जा रही है।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, तेन्दुवाही निवासी परिवार सुबह करीब 8 बजे घर के एक मुख्य दरवाजे में अंदर से सिटकनी लगाकर तथा दूसरे दरवाजे में ताला लगाकर पत्नी और बेटी के साथ खेत में काम करने गया था। दोपहर करीब 1 बजे बेटी मधु भारती घर पहुंची तो एक दरवाजा खुला मिला और सिटकनी निकली हुई थी। अंदर जाने पर घर का सामान बिखरा पड़ा था।
जांच करने पर आलमारी में रखे 7 हजार रुपए नगद, करीब 15 तोला चांदी की पायल, तीन सोने के लॉकेट तथा खटिया में रखा वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल गायब मिला। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 47,650 रुपए बताई गई है। मामले में पीड़ित ने थाना तुमगांव पहुंचकर अज्ञात चोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





























