सरायपाली:झिलमिला-बैदपाली रोड पर पुलिस की घेराबंदी, नशीली टैबलेट के साथ आरोपी दबोचे गए

सरायपाली। महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली टैबलेट की अवैध खरीदी-बिक्री के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 690 नग प्रतिबंधित नशीली टैबलेट नाइट्राजेपाम (Nitrazepam) बरामद की गई है, जिसकी कीमत 55,200 रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल 1,05,200 रुपये की संपत्ति जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली टैबलेट लेकर झिलमिला-बैदपाली रोड की ओर आने वाले हैं। सूचना पर सरायपाली पुलिस की टीम ने बैदपाली रोड स्थित बाजार पड़ाव के पास निगरानी शुरू की। इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG-06-GJ-5116 पर सवार चार लोगों को आते देखा गया। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास रखे थैले से Nitrazepam Tablet IP Nitrosum 10 mg की 69 पत्तियां बरामद हुईं। प्रत्येक पत्ते में 10 टैबलेट थीं, इस प्रकार कुल 690 टैबलेट मिलीं। इनकी कीमत 55,200 रुपये आंकी गई। पूछताछ में आरोपियों ने टैबलेट ग्राहकों को बेचने के लिए लाना बताया। पुलिस ने टैबलेट के साथ परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत 50,000 रुपये है, जब्त कर ली।
पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 359/26 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 21 में अपराध दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
शेखर बाघ (19 वर्ष), निवासी डोंगरीपारा, झिलमिला, सरायपाली।
विवेकानंद बंछोर (20 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 11, बाजारपारा, सरायपाली।
अनुराग दास (19 वर्ष), निवासी टावरपारा, झिलमिला, सरायपाली।
दिनेश सिंह राजपूत (20 वर्ष), निवासी बैदपाली, थाना सरायपाली।
जब्त सामग्री: 690 नग प्रतिबंधित नशीली टैबलेट, कीमत 55,200 रुपये तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, कीमत 50,000 रुपये। इस प्रकार कुल जब्त संपत्ति की कीमत 1,05,200 रुपये है।





























