महासमुंद:महिलाओं को जमीन की रजिस्ट्री में बड़ी राहत, महासमुंद में दो हितग्राहियों ने बचाए 18,150 रुपये पढ़े पूरी खबर

महासमुंद। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा महिलाओं को जमीन की रजिस्ट्री में दी जा रही शुल्क छूट से महिला हितग्राहियों को आर्थिक राहत मिल रही है। जिले में भूमि पंजीयन के दो प्रकरणों में महिलाओं को कुल 18,150 रुपये की बचत हुई है। हितग्राहियों ने इस राहत को परिवार की आर्थिक मजबूती और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए उपयोगी बताया है।
पहले प्रकरण में मुडियाडीह निवासी श्रीमती बैसाखिन द्वारा विक्रय की गई ग्राम खट्टी स्थित 0.06 हेक्टेयर भूमि का क्रय बरछा निवासी श्रीमती अंगिता चंद्राकर ने किया। भूमि की रजिस्ट्री के दौरान उन्हें स्टाम्प शुल्क में 2,700 रुपये और पंजीयन शुल्क में 5,400 रुपये की छूट मिली। इस प्रकार उन्हें कुल 8,100 रुपये की बचत हुई।
दूसरे प्रकरण में महासमुंद निवासी श्रीमती अनीता द्वारा विक्रय की गई महासमुंद स्थित 1,200 वर्गफीट भूमि का क्रय बिहार के गया निवासी श्रीमती श्वेता एनेस्की ने किया। पंजीयन के दौरान उन्हें स्टाम्प शुल्क में 3,350 रुपये और पंजीयन शुल्क में 6,700 रुपये की छूट प्राप्त हुई। इससे उन्हें कुल 10,050 रुपये की बचत हुई। श्रीमती श्वेता एनेस्की ने बताया कि वह इस राशि का उपयोग अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और बेहतर शिक्षा संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में करेंगी।
दोनों हितग्राहियों ने रजिस्ट्री में मिली आर्थिक राहत और सरल पंजीयन प्रक्रिया पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को मिलने वाली यह छूट परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में सहायक है।
रजिस्ट्री के बाद नामांतरण की प्रक्रिया भी आसान
भूमि पंजीयन प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाने के साथ रजिस्ट्री के बाद स्वचालित एवं त्वरित नामांतरण की व्यवस्था भी की गई है। इससे हितग्राहियों को नामांतरण के लिए पटवारी और तहसील कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की परेशानी कम होती है। प्रक्रिया में पारदर्शिता और समय की बचत से नागरिकों को सरकारी सेवाओं का लाभ सुविधाजनक तरीके से मिल रहा है।


























