महासुमंद

महासमुंद:मृत निर्माण श्रमिक की पत्नी नीलम को मिली 5 लाख रुपये की सहायता, बच्चों की पढ़ाई और अधूरे मकान का निर्माण करेंगी पूरा

महासमुंद। संकट की घड़ी में जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान कर उनके जीवन में नई उम्मीद जगाना ही जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य है। इसी दिशा में संचालित सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत महासमुंद जिले में श्रम विभाग द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। अभियान के अंतर्गत जिले के 4,736 हितग्राहियों को कुल 1 करोड़ 63 लाख 15 हजार 203 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।
दुर्घटना में पति को खोने के बाद नीलम साहू को मिला सहारा
योजना से लाभान्वित होने वालों में ग्राम शेर निवासी स्वर्गीय विनय कुमार साहू का परिवार भी शामिल है। विनय कुमार साहू पंजीकृत निर्माण श्रमिक थे। ग्राम लभराखुर्द में निर्माणाधीन शीतला माता मंदिर की दीवारों पर पानी डालने के दौरान विद्युत तार के संपर्क में आने से एक दुर्घटना में उनका निधन हो गया। इस दुखद घटना के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट के साथ बच्चों के भविष्य की जिम्मेदारी भी बड़ी चुनौती बन गई।
ऐसे कठिन समय में उनकी पत्नी श्रीमती नीलम साहू ने श्रम विभाग की मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत आर्थिक सहायता के लिए आवेदन किया। विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्वर्गीय विनय कुमार साहू के उत्तराधिकारी के रूप में उनकी पत्नी नीलम साहू को 5 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
नीलम साहू ने बताया कि इस राशि का उपयोग वह अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई की जरूरतों को पूरा करने और अधूरे मकान का निर्माण पूरा करने में करेंगी। इस आर्थिक सहायता से उन्हें बच्चों की शिक्षा जारी रखने और परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी।
दस योजनाओं के माध्यम से मिली सहायता
सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत श्रम विभाग द्वारा जिले में दस योजनाओं के माध्यम से श्रमिक परिवारों को लाभान्वित किया गया है। इनमें मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत 129 हितग्राहियों को 25 लाख 80 हजार रुपये, मुख्यमंत्री औजार सहायता योजना के तहत 357 हितग्राहियों को 12 लाख 39 हजार 203 रुपये तथा मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के तहत 663 हितग्राहियों को 11 लाख 45 हजार 500 रुपये की सहायता दी गई।
इसी तरह मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत 61 हितग्राहियों को 3 लाख 28 हजार रुपये, मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर सुरक्षा उपकरण सहायता योजना के तहत 569 हितग्राहियों को 8 लाख 53 हजार 500 रुपये तथा निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए उत्कृष्ट खेल प्रोत्साहन योजना के तहत चार हितग्राहियों को 2 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत पांच मृतक श्रमिकों के उत्तराधिकारियों को कुल 5 लाख रुपये दिए गए। वहीं, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत 254 हितग्राहियों को 50 लाख 80 हजार रुपये तथा मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना के तहत 24 हितग्राहियों को 4 लाख 80 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
इसके अलावा श्रमिकों के बच्चों के लिए निःशुल्क गणवेश एवं पुस्तक-कॉपी सहायता राशि योजना के अंतर्गत 2,670 हितग्राहियों को 39 लाख 9 हजार रुपये का लाभ दिया गया।
श्रमिक परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देने की पहल
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों को शिक्षा, सुरक्षा, आजीविका तथा विपरीत परिस्थितियों में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। शासन की इन योजनाओं से जरूरतमंद परिवारों को कठिन समय में सहारा मिल रहा है और बच्चों की शिक्षा सहित परिवार की जरूरी आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिल रही है।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!