महासमुंद:वाहन की टक्कर से विद्युत पोल क्षतिग्रस्त जानिए मामला

महासमुंद। रायपुर रोड पर नहर के पास एक वाहन की टक्कर से विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे संबंधित क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था बाधित हो गई। इस घटना में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड को 90 हजार 16 रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। मामले में सिटी कोतवाली महासमुंद पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 27 सितंबर 2026 को सुबह लगभग 11:18 बजे की है। रायपुर रोड पर नहर के पास लगे विद्युत पोल को वाहन क्रमांक CG-13 L 7594 के चालक ने कथित रूप से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था प्रभावित हुई।
घटना के संबंध में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, शहर जोन महासमुंद के सहायक अभियंता द्वारा 8 अक्टूबर 2026 को सिटी कोतवाली थाना प्रभारी को लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया। आवेदन में वाहन चालक का नाम मोती महिलांगे तथा वाहन मालिक का नाम दिनेश बंजारे, निवासी तिल्दा-नेवरा बताया गया है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 तथा विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 139 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।


























