महासमुंद:पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को मिला सम्मान, प्रमाण पत्र वितरित

महासमुंद। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत नगर पालिका परिषद महासमुंद द्वारा पथ विक्रेताओं एवं स्वरोजगार से जुड़े हितग्राहियों को सम्मानित कर प्रमाण पत्र वितरित किए गए। यह कार्यक्रम शहर के लोहिया चौक में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू एवं अध्यक्षता नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने की। इस अवसर पर योजना से लाभान्वित हितग्राहियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई। कार्यक्रम में संदीप दीवान सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि किसी भी नगर की आर्थिक प्रगति उसके नागरिकों और व्यापारियों की आर्थिक सुदृढ़ता पर निर्भर करती है। उन्होंने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से उन्हें आर्थिक सहायता प्राप्त हुई है और वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर आत्मनिर्भर बन रहे हैं। इससे उनकी आजीविका मजबूत हुई है तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बल मिला है।
नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है। पीएम स्वनिधि योजना छोटे फुटकर व्यवसायियों को आर्थिक संबल प्रदान कर रही है, जिससे वे अपने व्यवसाय को नई पहचान देने में सफल हो रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान योजना से लाभान्वित सविता निषाद, राधा औसर, गोप कुमार, भरत बुंदेला, मंजुला शर्मा एवं तृप्ति सहित अन्य हितग्राहियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। हितग्राहियों ने केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योजना के तहत मिली वित्तीय सहायता से उनके व्यवसाय को नई दिशा मिली है। उन्होंने बताया कि पहले सीमित संसाधनों के कारण व्यवसाय संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब ऋण एवं सहयोग मिलने से व्यवसाय का विस्तार संभव हुआ है, जिससे आय में वृद्धि और जीवन स्तर में सुधार आया है।































