महासुमंद

महासमुंद:सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को जलेगा आशीर्वाद का दीया

महासमुंद। सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को जिलेभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान करीब 6 लाख दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, सुशासन और जनकल्याण के प्रति सामूहिक संकल्प व्यक्त किया जाएगा। कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा से जोड़ते हुए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम का मुख्य आयोजन महासमुंद के अटल परिसर में होगा, जहां करीब 8 हजार दीप जलाए जाएंगे। इसके अलावा जिले के प्रमुख मंदिरों, चौक-चौराहों, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों, पंचायत भवनों, पीडीएस भवनों, अमृत सरोवरों, ग्रामीण बाजारों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। जिलेवासियों से ‘हर घर एक दीया’ जलाकर अभियान में सहभागी बनने की अपील की गई है।
17 सितंबर को शाम 7 बजे एक साथ जगमगाएंगे स्थल
प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद ने टास्कफोर्स एवं नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी तैयारियां 16 सितंबर तक पूर्ण करने तथा अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 17 सितंबर को शाम 5 से 6 बजे तक साज-सज्जा, बैठक एवं ध्वनि-प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। शाम 6 से 6:30 बजे तक दीप प्रज्ज्वलन की तैयारी एवं रंगोली प्रदर्शन होगा। शाम 7 बजे जिला मुख्यालय सहित जिले के सभी चिन्हित स्थलों पर एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में 5.51 लाख दीप जलाने का लक्ष्य
ग्रामीण क्षेत्रों में महासमुंद विकासखंड में करीब 1.05 लाख, बसना में 1.02 लाख, पिथौरा में 1.26 लाख, बागबाहरा में 1.11 लाख और सरायपाली में 1.07 लाख दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है। इस प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 5.51 लाख दीप प्रज्ज्वलित होंगे। वहीं बसना, पिथौरा, तुमगांव और सरायपाली के नगरीय क्षेत्रों में करीब 20 हजार दीप जलाए जाएंगे। जिले में प्रारंभिक रूप से करीब 5.83 लाख दीपों का लक्ष्य है, जिसे जनभागीदारी से बढ़ाकर करीब 6 लाख तक पहुंचाने की तैयारी है।
प्रभारी कलेक्टर अनुपमा आनंद ने जिलेवासियों से 17 सितंबर को अपने घर, प्रतिष्ठान एवं आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर दीप जलाकर ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!