किराना दुकान का ताला तोड़कर चोरी, नकदी समेत पांच हजार का सामान पार

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के कनकबीरा चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सालर में एक किराना दुकान में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर नकदी सहित करीब पांच हजार रुपये मूल्य का सामान पार कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सालर निवासी श्याम कुमार अग्रवाल (56 वर्ष) की मेन रोड किनारे स्थित श्याम किराना एवं जनरल स्टोर्स नामक दुकान है। उन्होंने पुलिस को बताया कि 15 जून की रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन 16 जून की सुबह करीब 6 बजे जब दुकान खोलने पहुंचे तो शटर में लगे दोनों ताले गायब मिले।
दुकान के भीतर जांच करने पर 30 पैकेट सिगरेट, 5 पैकेट राजश्री, 4 पैकेट बिमल, 5 पैकेट आशिकी तथा लगभग 700 रुपये की चिल्लर नकदी गायब थी। चोरी गए सामान और नकदी की कुल कीमत करीब 5 हजार रुपये बताई गई है।
प्रार्थी की शिकायत पर कनकबीरा चौकी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
































