महासमुंद:बदमाशों का आतंक, चाकू की धमकी देकर मजदूर से मोबाइल-नकदी लूटी

महासमुंद। बिरकोनी में तीन अज्ञात युवकों ने एक मजदूर और उसके दोस्त को चाकू मारने की धमकी देकर मोबाइल व नकदी लूट ली। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम खपरी थाना बालोद निवासी तरूण कुमार नेताम वर्तमान में मनोरमा इंडस्ट्रीज बिरकोनी में रहकर मजदूरी करता है। 13 सितंबर की शाम करीब 6 बजे वह अपने दोस्त भीषम निर्मलकर के साथ पैदल सब्जी खरीदकर वापस मनोरमा इंडस्ट्रीज जा रहा था। फ्लोटेक्स सोलर कंपनी बिरकोनी के पास पीछे से बिना नंबर प्लेट वाली काले रंग की स्कूटी पर सवार तीन युवक पहुंचे और दोनों को गाली देने लगे।
आरोप है कि युवकों में से दो ने नीचे उतरकर उनके पास रखा सामान देने को कहा और नहीं देने पर चाकू मारने की धमकी दी। डर के कारण तरूण ने अपनी जेब से आईफोन 13 प्रो मोबाइल, जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई है, तथा 500 रुपए नकद आरोपियों को दे दिए। इसके बाद आरोपी स्कूटी से फरार हो गए। आसपास तलाश के बाद भी आरोपियों का पता नहीं चलने पर तरूण ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने धारा 309(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




























