सरायपाली:नवोदय विद्यालय के शिक्षक ने ग्रामीण बच्चों को दिया मार्गदर्शन, प्रवेश परीक्षा की तैयारी के बताए गुर

सरायपाली। ग्रामीण अंचल के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से 12 अक्टूबर 2026 को शासकीय प्राथमिक शाला जोगीदादर एवं शासकीय प्राथमिक शाला रक्सा में विशेष मार्गदर्शन सत्र का आयोजन किया गया। इस दौरान जवाहर नवोदय विद्यालय महासमुंद (छिंदपाली) में प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ टीजीटी अंग्रेजी के वरिष्ठ शिक्षक निशाकांत सारथी ने बच्चों से संवाद कर उन्हें नवोदय विद्यालय की विशेषताओं और प्रवेश परीक्षा की तैयारी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
प्राथमिक शाला जोगीदादर में पदस्थ सहायक शिक्षक केशव प्रसाद साहू के विशेष आमंत्रण पर पहुंचे निशाकांत सारथी ने बच्चों को जवाहर नवोदय विद्यालय में मिलने वाली शैक्षणिक सुविधाओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि नवोदय विद्यालय में कक्षा छठवीं से बारहवीं तक निःशुल्क शिक्षा के साथ आवास, भोजन, खेलकूद एवं कला के क्षेत्र में विकास के अवसर उपलब्ध होते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभावान बच्चों के लिए नवोदय विद्यालय अपने सपनों को साकार करने का बेहतरीन मंच है।
प्रवेश परीक्षा की तैयारी के बताए गुर
मार्गदर्शन सत्र के दौरान शिक्षक सारथी ने कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों को नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने मानसिक योग्यता, अंकगणित एवं भाषा से संबंधित प्रश्नों को हल करने की विधियों के बारे में बताया। साथ ही नियमित अभ्यास, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा की तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।
बच्चों का शैक्षणिक स्तर देखकर हुए प्रभावित
बच्चों के अध्ययन स्तर का अवलोकन करते हुए शिक्षक निशाकांत सारथी ने उनकी प्रतिभा की सराहना की। शासकीय प्राथमिक शाला रक्सा के बच्चों ने पहाड़े सुनाए, वहीं शासकीय प्राथमिक शाला जोगीदादर के विद्यार्थियों ने अंग्रेजी की पुस्तक को पूरे हाव-भाव के साथ पढ़कर सुनाया। बच्चों की प्रस्तुति और शैक्षणिक स्तर से प्रभावित होकर उन्होंने शिक्षकों द्वारा नवोदय प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।
शिक्षकों ने जताया आभार, बच्चों ने लिया संकल्प
इस अवसर पर प्राथमिक शाला जोगीदादर के प्रधान पाठक विजय कुमार भवसागर एवं प्राथमिक शाला रक्सा के प्रधान पाठक चंद्रभानु बरिहा ने कहा कि इस प्रकार के मार्गदर्शन से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें भविष्य में बेहतर अवसर प्राप्त करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने इस पहल के लिए शिक्षक निशाकांत सारथी के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने नियमित अध्ययन कर जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक केशव प्रसाद साहू एवं गुणवंत भोई का सराहनीय योगदान रहा।





























