पिथौरा:गंदा पानी और कचरा फेंकने की बात पर दो पक्षों में मारपीट, पांच लोगों पर मामला दर्ज

पिथौरा। ग्राम हरदी में गंदा पानी और कचरा फेंकने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रार्थी बिसाहू बारले ने पुलिस को बताया कि 3 जून 2026 की रात करीब 8 बजे वह अपने परिजनों शोभाराम बारले, सुरेन्द्र प्रकाश बारले, ओमप्रकाश बारले और लक्की बारले के साथ तालाब से मछली पकड़कर घर लौट रहा था। घर के सामने पहुंचने पर देखा कि दीपचंद कुर्रे, उसकी पत्नी झरना कुर्रे, पुत्र सोहन कुर्रे, पुत्री चीनी कुर्रे तथा मनटोरा कुर्रे उसकी पत्नी कुमारी बारले, भाभी दशोदा बारले और बहू गीता बारले के साथ गाली-गलौज और मारपीट कर रहे थे।
जब बिसाहू बारले ने विवाद का कारण पूछा तो उसकी पत्नी ने बताया कि ब्यारा के पास गंदा पानी और कचरा फेंकने की बात को लेकर विवाद हुआ है। इसके बाद जब वह और उसके परिजन झगड़ा छुड़ाने पहुंचे तो आरोपियों ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और बांस के डंडे, हाथ-थप्पड़ तथा लात-घूंसों से मारपीट की।
मारपीट में बिसाहू बारले के सिर, ऊपरी होंठ और बाएं पैर के अंगूठे में चोट आई। सुरेन्द्र प्रकाश बारले के सिर, दाहिने हाथ की कलाई और बाएं पैर की जांघ में चोट लगी। वहीं ओमप्रकाश बारले के दाहिने पैर की पिंडली, दशोदाबाई के छाती, पीठ और सिर तथा गीता बारले के दाहिने पैर और घुटने के नीचे चोट आने के साथ पेट दर्द की शिकायत बताई गई है।
घटना को आसपास के लोगों ने भी देखा और सुना। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 115(2), 191(2), 296 एवं 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
































