महासमुंद: गांवकारी बैठक में उपसरपंच समेत दो युवकों से मारपीट, आरोपी पर मामला दर्ज

महासमुंद। ग्राम मुढेना में आयोजित गांवकारी बैठक के दौरान गांव के विकास कार्यों पर चर्चा के बीच विवाद हो गया। घटना में ग्राम पंचायत मुढेना के उपसरपंच सहित तीन लोगों को चोटें आई हैं।
पुलिस के अनुसार, ग्राम मुढेना निवासी एवं वर्तमान उपसरपंच राजेश ने शिकायत दर्ज कराई है कि 3 जून 2026 को ग्राम पंचायत मुढेना में गांवकारी बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें गांव के गणमान्य लोग उपस्थित थे। बैठक के दौरान गांव का टीकमचंद विश्वकर्मा कथित रूप से अनर्गल और अनुचित बातें कर रहा था। इसका विरोध करने पर आरोपी भड़क गया और राजेश के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथापाई करने लगा।
विवाद बढ़ने पर बीच-बचाव करने पहुंचे विकास ठाकुर और भूषण ठाकुर के साथ भी आरोपी ने अभद्रता की तथा जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट कर दी। घटना में राजेश के दाहिने गाल, भूषण ठाकुर की उंगली और कलाई तथा विकास ठाकुर के दाहिने कान में चोटें आई हैं।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी रेवाराम साहू, लीलाराम निषाद और तारेन्द्र देवदास बताए गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी टीकमचंद विश्वकर्मा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
































