तुमगांव : सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत

तुमगांव। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे में एक अन्य युवक घायल हुआ है। पुलिस ने मामले में आरोपी वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 को शिवकुमार गहरवाल अपने दोस्त लियाकत अखतर के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GU 0429 से नवजीवन मिशन स्कूल तुमगांव जा रहा था। मोटरसाइकिल लियाकत अखतर चला रहा था और शिवकुमार पीछे बैठा था। दोपहर करीब 2.30 बजे नवजीवन मिशन स्कूल के पास पीछे से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 QQ 8790 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों सड़क पर गिर गए। शिवकुमार के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि लियाकत अखतर के सिर, बाएं गाल, कंधे, कान और घुटने में चोट लगी। डायल 112 की मदद से दोनों को सीएचसी तुमगांव पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने शिवकुमार को मृत घोषित कर दिया। घायल लियाकत को प्राथमिक उपचार के बाद महासमुंद के अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस जांच में शिवकुमार की मौत का कारण दुर्घटना में सिर में आई चोट पाया गया। मामले में मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 QQ 8790 के चालक के खिलाफ धारा 281, 125(a), 106(1) बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।




























