सिघोडा:बाइक हटाने को कहा तो भड़का युवक, घर पहुंचकर ईंट से किया हमला

सिंघोड़ा। ग्राम समदरहा में बीच सड़क पर मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति पर ईंट से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम समदरहा निवासी आनंद साहू (42) खेती-किसानी का काम करता है। 26 अगस्त 2026 को वह निजी काम से गौरबहाली जा रहा था। इस दौरान अनिल बरिहा की मुर्गा दुकान के सामने कुश ताण्डी द्वारा सड़क के बीच में मोटरसाइकिलें खड़ी की गई थीं। आनंद ने सड़क के बीच वाहन खड़ा करने पर आपत्ति जताई, जिस पर दोनों के बीच गाली-गलौज हुई।
शिकायत के मुताबिक, बाद में शाम करीब 5 बजे कुश ताण्डी आनंद के घर के सामने पहुंचा और ईंट से मारपीट कर दी। हमले में आनंद के सिर में चोट लगी और खून निकलने लगा। घटना के दौरान उसकी पत्नी दीपांजली और बहन अनुसुईया ने बीच-बचाव किया, जिनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई।
परिजनों ने 112 पर सूचना देकर घायल आनंद को सरायपाली अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे महासमुंद जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर आनंद ने 4 सितंबर को थाना सिंघोड़ा में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने धारा 296, 115, 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।






























