महासमुंद:रेलवे फाटक पर खड़ी कार को पीछे से मारी टक्कर, अधिवक्ता ने नशे में धुत चालक पर धमकी देने का लगाया आरोप

महासमुंद। रेलवे फाटक के पास हुई एक सड़क दुर्घटना के बाद अधिवक्ता ने दूसरे वाहन चालक पर शराब के नशे में वाहन चलाने, लापरवाहीपूर्वक दुर्घटना करने तथा धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाना महासमुंद में शिकायत दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रायपुर के रवि नगर निवासी अधिवक्ता नितिन चतुर्वेदी 3 जून 2026 की शाम अपने साथी अधिवक्ता अमन जांगड़े एवं एक परिचित के साथ न्यायालयीन कार्य से महासमुंद आ रहे थे। शाम करीब 5 बजे महासमुंद रेलवे फाटक बंद होने के कारण उन्होंने अपनी होंडा सिटी कार (CG 04 PB 1508) को फाटक के पास रोक रखा था।
आरोप है कि इसी दौरान पीछे से आ रही हुंडई कार (CG 06 HE 8881) के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी खड़ी कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद जब उन्होंने इसका विरोध किया तो चालक ने बहस शुरू कर दी और कथित रूप से धमकी भी दी।
शिकायत में अधिवक्ता ने आरोप लगाया है कि कार चालक शराब के नशे में था तथा ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। उन्होंने पुलिस से आरोपी चालक के विरुद्ध शराब पीकर वाहन चलाने, लापरवाही से दुर्घटना कारित करने और धमकी देने संबंधी धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की है।
थाना महासमुंद पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।































