पिथौरा:प्रधानमंत्री आवास निर्माण में रोड़ा, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी छह लोगों पर केस दर्ज

पिथौरा। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण में बाधा डालने, अश्लील गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पिथौरा पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। मामला ग्राम टेका का है, जहां जमीन के विवाद को लेकर आवेदिका और उसकी बेटी को कथित रूप से परेशान किए जाने की शिकायत की गई थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम टेका निवासी बसंता पटेल, पति तेजराम पटेल, ने अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पिथौरा के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पति के नाम ग्राम टेका में खसरा नंबर 132/1, रकबा 1.200 हेक्टेयर भूमि दर्ज है। इसी भूमि में अपने हिस्से पर प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना के तहत मकान का निर्माण कराया जा रहा है।
आवेदिका का आरोप है कि थानसिंग पटेल, जीरधन पटेल, भास्कर पटेल, श्रीराम पटेल, शोभाराम पटेल और विजय पटेल, सभी निवासी ग्राम टेका, मकान निर्माण का विरोध करते हुए उन्हें और उनकी बेटी पूनम पटेल को अश्लील गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देते हैं। शिकायत के अनुसार, निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को भी काम करने से रोका जाता है और मारपीट की धमकी देकर भगा दिया जाता है। इससे आवास निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आवेदिका के पति दिव्यांग हैं और चलने-फिरने में असमर्थ होने के साथ आंखों से भी दिव्यांग हैं। आवास निर्माण में लगातार बाधा आने के कारण परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मामले की जांच के बाद पुलिस ने थानसिंग पटेल, जीरधन पटेल, भास्कर पटेल, श्रीराम पटेल, शोभाराम पटेल और विजय पटेल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।






























