पिरदा:विद्यार्थियों को दी गई मतदाता पहचान पत्र बनाने की प्रक्रिया की जानकारी, मतदान की दिलाई गई शपथ

पिरदा। शासकीय नवीन महाविद्यालय पिरदा में स्वीप (SVEEP) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त तत्वावधान में नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए एक दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य बृजलाल पटेल के निर्देशन एवं कार्यक्रम संयोजक अनिल कुमार दीवान के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य पात्र विद्यार्थियों को मतदाता के रूप में पंजीकृत होने के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी देना था।
शिविर में ग्राम पंचायत पिरदा की बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) ललिता पटेल ने विद्यार्थियों को मतदाता पहचान पत्र बनवाने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा ECINET के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान के महत्व और एक जागरूक मतदाता के रूप में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी मकरध्वज राणा ने विद्यार्थियों को मतदान की शपथ दिलाई। वहीं, महाविद्यालय के हिंदी विषय के सहायक प्राध्यापक डॉ. अंकित भोई भी उपस्थित रहे। शिविर में सभी उपस्थित छात्र-छात्राओं को नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए फॉर्म-06 वितरित किए गए।
यह शिविर युवाओं में मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।




























