सिघोडा:तुलसी पत्ती को लेकर बवाल, ईंट मारकर युवती को किया घायल

सिघोडा। ग्राम लखनपुर में तुलसी पत्ता को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। पीड़िता महिला ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह मजदूरी का कार्य करती है तथा अपने परिवार के साथ गांव में रहती है। परिवार के अन्य सदस्यों के साथ एक ही आंगन में निवास करने के दौरान बुधवार सुबह भूमि दहन रजस्थला त्यौहार के शुद्धिकरण की रस्म निभाई जा रही थी।
महिला के अनुसार, वह तुलसी के पौधे से पत्तियां लेकर पानी के साथ अपने शरीर पर छिड़काव कर रही थी। इसी दौरान एक तुलसी पत्ता उसके हाथ से छूटकर जमीन पर गिर गया। इस बात को लेकर उसके देवर नकुल बुडेक की बेटी तुलसी भोई नाराज हो गई और कथित रूप से गाली-गलौज करने लगी। विरोध करने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
रिपोर्ट के मुताबिक, तुलसी भोई ने महिला के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। शोर सुनकर नकुल बुडेक और गणेशी बुडेक भी मौके पर पहुंच गए और तीनों ने मिलकर मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची महिला की बेटी सिंधुसुता भोई पर तुलसी भोई ने कथित रूप से ईंट से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में चोट आई और वह जमीन पर गिर गई। आरोप है कि इसके बाद उसके दाहिने हाथ की कलाई के पास दांत से काटकर भी घायल किया गया।
घटना में महिला के दोनों गालों तथा उसकी बेटी के सिर और हाथ में चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद रूकमण बुडेक एवं किशोरी बुडेक ने बीच-बचाव किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।































