बसना:सड़क दुर्घटना में घायल प्रेमसागर ने तोड़ा दम, पुलिस ने शुरू की जांच

बसना। थाना क्षेत्र के पथरला पुल के पास हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में अज्ञात बाइक चालक के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम केदुवा निवासी प्रेमसागर चौहान (34 वर्ष) अपने साथी नरेंद्र प्रधान के साथ 23 जनवरी 2026 को मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 06 जीजेड 1847 से बसना की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बसना-बिलाईगढ़ मार्ग स्थित पथरला पुल के पास सामने से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 06 जीवी 9419 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में प्रेमसागर चौहान को सिर, सीने एवं कमर में गंभीर चोटें आईं, जबकि पीछे बैठे नरेंद्र प्रधान को हल्की चोट लगी। घायल प्रेमसागर को पहले सरायपाली अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए रायपुर स्थित ओम हॉस्पिटल रेफर किया गया। उपचार के दौरान 24 जनवरी 2026 की रात करीब 1:20 बजे उनकी मृत्यु हो गई।
मर्ग जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा परिजनों के कथनों के आधार पर पुलिस ने पाया कि दुर्घटना अज्ञात वाहन चालक की लापरवाही के कारण हुई। जांच में धारा 106(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध घटित होना पाए जाने पर अज्ञात चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
बसना पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश कर रही है तथा दुर्घटना के संबंध में आगे की जांच जारी है।






























