सरायपाली:पीएम श्री प्राथमिक शाला सिंघोड़ा के दस दिवसीय समर कैंप का रंगारंग समापन, बच्चों ने दिखाई बहुमुखी प्रतिभा

सरायपाली। पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला सिंघोड़ा में आयोजित दस दिवसीय समर कैंप 2026 का रविवार को उत्साह और उमंग के साथ रंगारंग समापन हुआ। 5 जून से शुरू हुए इस शिविर में बच्चों ने खेल, सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
समर कैंप के दौरान विद्यार्थियों के लिए कबड्डी, खो-खो, दौड़ प्रतियोगिता, म्यूजिकल चेयर, बोरा दौड़, नींबू-चम्मच दौड़, योग, सामान्य ज्ञान, चित्रकला, हस्तकला, कहानी वाचन, भाषण, गीत-संगीत, नृत्य एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी रचनात्मकता, आत्मविश्वास और खेल कौशल का परिचय दिया।
समापन समारोह में बीआरसी देवानंद पटेल, सोमदेव तिवारी, शांति दास, सच्चिदानंद भोई, जनकराम भोई सहित ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, अभिभावक, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बच्चों द्वारा प्रस्तुत लोकनृत्य, समूह गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।
अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार के शिविर बच्चों के शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उनमें नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधान पाठक श्रीमती पूर्णिमा नाग ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, ग्रामवासियों, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे शिविर अत्यंत आवश्यक हैं। विद्यालय परिवार ने शिक्षकों एवं कर्मचारियों के सहयोग और समर्पण को कैंप की सफलता का प्रमुख आधार बताया।
दस दिनों तक चले इस समर कैंप ने विद्यार्थियों को सीखने, खेलने और अपनी छिपी प्रतिभाओं को निखारने का बेहतर मंच प्रदान किया। नई सीख और मधुर स्मृतियों के साथ यह शिविर बच्चों के लिए यादगार बन गया।
































