बसना:20 भैंसों से भरा ट्रक व बलेनो जब्त, चालक फरार

बसना। ग्राम गढ़फुलझर चौक पर शनिवार को गौवंश के अवैध परिवहन की आशंका में गौ सेवा आयोग सदस्य सहित कार्यकर्ताओं ने पुलिस की मदद से एक अशोक लीलैंड ट्रक और बलेनो कार को पकड़कर थाना बसना में सुपुर्द किया। दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए।
गौ सेवा आयोग विकासखंड महासमुंद के सदस्य नितीन अग्रवाल उर्फ राजा ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि अशोक लीलैंड ट्रक क्रमांक CG10BN2718 में बलौदाबाजार जिले के लवन थाना क्षेत्र से बड़ी संख्या में मवेशियों को भरकर पदमपुर, ओडिशा की ओर ले जाया जा रहा है। ट्रक के आगे एक नीले रंग की बलेनो कार क्रमांक CG04MU1710 के पायलेटिंग करने की सूचना थी।
सूचना के आधार पर गढ़फुलझर चौक थाना बसना क्षेत्र में नाकाबंदी की गई। इस दौरान बलेनो कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर आगे निकल गया और पीछा किए जाने पर कार छोड़कर फरार हो गया। कुछ देर बाद अशोक लीलैंड ट्रक पहुंचा, जिसे रोकने का प्रयास किया गया। ट्रक चालक भी पदमपुर रोड पर वाहन छोड़कर भाग गया।
ट्रक की जांच करने पर उसमें 20 नग भैंसा पाए जाने की बात आवेदन में कही गई है। दोनों वाहनों को थाना बसना लाकर पुलिस के सुपुर्द किया गया। आवेदन में बलेनो चालक अबरार खान व मुख्तार अहमद तथा ट्रक चालक लम्बु उर्फ गोलू और अज्ञात परिचालक के विरुद्ध पशु क्रूरता, अवैध पशु परिवहन व तस्करी संबंधी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।




























