सिघोडा:रास्ता रोककर युवक पर टंगिया से हमला पुलिस ने दर्ज किया केस

सिंघोड़ा । थाना सिंघोड़ा पुलिस ने मारपीट और गाली-गलौज के मामले में एक आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम खम्हारपाली निवासी परशुराम साहू ने थाना सिंघोड़ा में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि 12 जून 2026 को वह गांव के कुकुरकुण्डा तालाब से स्नान कर लौट रहा था। रास्ते में उसकी मुलाकात परिचित मकरध्वज प्रधान से हुई, जिनसे वह बातचीत कर रहा था। इसी दौरान गांव का मुरली थनापति वहां पहुंचा और कथित रूप से मां-बहन की अश्लील गालियां देने लगा।
शिकायत के अनुसार कुछ देर बाद जब परशुराम साहू मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था, तब मुरली थनापति ने उसका रास्ता रोक लिया और अपनी मोपेड में रखी टंगिया निकालकर उस पर हमला कर दिया। हमले में परशुराम के बाएं कंधे के पास चोट आई। पीड़ित ने किसी तरह टंगिया छीनकर अपनी जान बचाई। घटना को देखकर विनोदिनी साहू ने परिजनों को सूचना दी।
पीड़ित द्वारा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई तथा घटना में प्रयुक्त टंगिया भी पुलिस को सौंप दी गई। शिकायत के आधार पर थाना सिंघोड़ा पुलिस ने आरोपी मुरली थनापति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2) एवं 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।






























