कोमाखान:नशे में बोलेरो चलाकर बाइक सवारों को मारी टक्कर, चालक पर एफआईआर दर्ज

कोमाखान। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चोरभट्ठी में हुए सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने बोलेरो चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। घटना 4 जून 2026 की शाम लगभग 6 बजे कामाख्या मंदिर के पास मुख्य मार्ग पर हुई थी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कछारडीह निवासी मेघराज साहू अपने ससुराल पक्ष के मुकेश साहू, दीपक साहू एवं उर्मिला साहू के साथ ग्राम बम्हनी से वापस लौट रहे थे। इस दौरान मुकेश साहू मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GX 0926 चला रहे थे, जिस पर दीपक साहू एवं उर्मिला साहू सवार थे।
आरोप है कि कोमाखान की ओर से आ रही बोलेरो क्रमांक CG 05 X 7105 के चालक ठाकुरराम गोंड ने वाहन को तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक गलत दिशा में चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। दुर्घटना में तीनों बाइक सवार घायल हो गए, जिन्हें डायल-112 की सहायता से उपचार हेतु पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा तथा बाद में रिम अस्पताल गोडही में भर्ती कराया गया।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि दुर्घटना के समय बोलेरो चालक शराब के नशे में प्रतीत हो रहा था। घायलों के उपचार के बाद प्रार्थी ने 12 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई।
कोमाखान पुलिस ने आरोपी चालक ठाकुरराम गोंड, निवासी बहेराभांठा थाना छुरा जिला गरियाबंद के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 एवं 125(ए) तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत अपराध क्रमांक 89/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।






























