पुलिस को मिले सुकमा हमले के 17 लापता, सभी जवान शहीद


सुकमा(काकाखबरीलाल)।सुकमा जिले के कसलपाड़ में पुलिस-नक्सल मुठभेड़ के बाद लापता सुरक्षाबलों के 17 जवानों के शहादत की खबर सामने आ रही है। ये सभी जवान कल शाम से ही लापता थे। आज सुबह 500 से ज्यादा जवानों को इनकी तलाश में भेजा गया था। मुठभेड़ स्थल पर ही इन सभी जवानों के शव मिले हैं। जिस इलाके में शव मिले हैं, वो मिलपा इलाका है।
शहीद जवानों की पुष्टि करते हुए बस्तर आईजी सुंदरराज ने जानकारी देते हुए बताया है कि सभी 17 जवानों के शव मिले हैं। अब उन्हें लाने की कोशिश की जा रही है।
जवानों को इस मुठभेड़ में बड़ा नुकसान हुआ है। 12 AK-47 सहित कुल 15 हथियार और एक UBGL को नक्सली लूटकर फरार हो गये। डीआरजी और आर्मी टीम के सबसे ज्यादा हथियार लूटे गये हैं। जिस यूबीजीएल को लूटा गया है, वो बुरकापाल डीआरजी का था.
आपको बता दें कि शनिवार को सीआरपीएफ, एसटीएफ और डीआरजी के करीब 550 जवान सर्चिंग पर निकले थे। इस दौरान सुकमा जिले के कसलपाड़ से लौटते वक्त कोराज डोंगरी के करीब नक्सलियों ने एंबुश लगाकर सुरक्षाबलों पर हमला बोल दिया था। यह सबसे बड़ा नक्सली हमला है जिसमें 17 जवान के शहीद होने की खबर सामने आ रही है।
वहीं सरकार द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया था कि सुकमा जिले के एलमागुंडा के पास 5 घंटे तक पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में कई बड़े नक्सली नेताओं के मारे जाने और घायल होने की सूचना है। मुठभेड़ में घायल 14 जवानों को रायपुर के रामकृष्ण केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिनमें से 12 जवानों की हालत सामान्य है एवं 2 जवान गंभीर रूप से घायल हैं।




















