मिनीमाता महतारी जतन योजना बनी लीलावती के परिवार का सहारा, बच्चों के पालन-पोषण में मिली राहत

अम्बिकापुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार श्रमिक परिवारों के कल्याण और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। श्रम विभाग की मिनीमाता महतारी जतन योजना श्रमिक परिवारों की माताओं के लिए आर्थिक संबल का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है।
सरगुजा जिले के अम्बिकापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत भिट्टिकला के ढोढ़ीपारा निवासी श्रीमती लीलावती भी इस योजना से लाभान्वित हुई हैं। श्रमिक के रूप में कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करने वाली लीलावती के दो बच्चे हैं। सीमित आय के कारण बच्चों की आवश्यकताओं को पूरा करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण था। ऐसे समय में योजना के तहत मिली 20 हजार रुपए की आर्थिक सहायता उनके परिवार के लिए महत्वपूर्ण सहारा बनी।
लीलावती ने बताया कि प्राप्त राशि का उपयोग वह अपने बच्चों के खान-पान, देखभाल और बेहतर पालन-पोषण में करेंगी। आर्थिक सहायता मिलने से बच्चों की जरूरतें पूरी करने में उन्हें राहत मिली है और परिवार पर पड़ने वाला आर्थिक दबाव भी कम हुआ है।
उन्होंने श्रमिक हितैषी योजनाओं के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जरूरत के समय मिली यह सहायता बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति भी धन्यवाद व्यक्त किया।
मिनीमाता महतारी जतन योजना के माध्यम से श्रमिक परिवारों की महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर मातृत्व एवं शिशु देखभाल को बढ़ावा दिया जा रहा है। योजना से मिलने वाली सहायता जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक राहत देने के साथ बच्चों के बेहतर पालन-पोषण में भी उपयोगी साबित हो रही है।






























