कलेक्टर ने किया धान खरीदी केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण


महासमुंद। कलेक्टर हिमशिखर गुप्ता ने आज आकस्मिक रूप से महासमुंद विकासखंड के खट्टी में संचालित धान उपार्जन केन्द्र का अवलोकन किया। उन्होंने यहां धान बेचने आए किसानों से बातचीत की तथा क्रय किए जा रहे धान की गुणवत्ता का आकलन किया। उन्होंने समिति द्वारा किसानों के दिए गए टोकन के साथ-साथ किसान की ऋण पुस्तिका का भी अवलोकन किया तथा धान उपार्जन केन्द्र में संग्रहित धान के रख-रखाव और उठाव की भी जानकारी ली। उल्लेखनीय है कि धान उपार्जन केन्द्र खट्टी में 1165 किसानों के पंजीयन कराया गया है। इसमें से लगभग 724 किसानों अर्थात करीब-करीब दो तिहाई किसानों ने अभी तक अपने धान का विक्रय कर दिया है। कलेक्टर ने धान बेचने आए एक-दो किसानों के धान में अधिक संख्या में धूल, मिट्टी और कचरा होने पर अप्रसन्नता व्यक्त की तथा समिति के पदाधिकारियों से कहा कि वे सभी किसानों को समझाईश दे और सुनिश्चित करें कि किसान निर्धारित गुणवत्ता का ही धान लाने, जिससे क्रय किए गए धान को संग्रहण केन्द्रों से खराब गुणवत्ता के वापस करने की स्थिति नहीं आएगी। इस अवसर पर एक-दो किसानों ने यह भी बताया कि धान विक्रय के करीब एक सप्ताह बाद भी अभी तक राशि उनके बैंक खातें में नहीं आयी है। कलेक्टर ने इस संबंध में समिति के कर्मचारियों से तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी किसानों की राशि शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।























