
नन्दकिशोर अग्रवाल।पिथौरा- नगर- फसल बीमा योजना के तहत खरीफ वर्ष 2017 फसल बीमा छतिपूर्ति राशि की भुगतान हेतु अब बैंक में किसानों की भीड़ बढ़ गई है। बैंक के सामने मुख्य मार्ग पर खड़े दुपहिया वाहनों से आवागमन में असुविधा हो रही है। वहीं बैंक के भीतर पैर रखने तक की जगह नहीं बची है। यह नजारा सुबह करीब 08 बजे से ही देखने को मिल रहा है। जहां फसल बीमा प्राप्त करने वाले कृषक सहकारी बैंक में दिख रहे हैं वही सूखा राहत अंतर्गत छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा कृषकों को दी गई सूखा राहत की राशि को प्राप्त करने के लिए भी किसान की भीड़ बैंक में उमड़ पड़ी है। राशि पाने के लिए सुबह से ही बैंक पहुंचकर रकम पाने कतार में लग गए हैं।
सड़क पर लगा वाहनों का रेला
स्थानीय जिला सहकारी बैंक के सामने मुख्य मार्ग पर वाहनों के पार्किंग होने के कारण अब आवागमन में असुविधा हो रही है। बार-बार जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। वहीं बैंक के भीतर भी भीड़ होने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है।

सौ से भी अधिक गांव के किसानों का होता है लेनदेन
पिथौरा स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा पिथौरा से क्षेत्र के करीब सौ से भी अधिक गांव के किसानों का लेनदेन होता है। ठीक कृषि वर्ष प्रारंभ होने के पूर्व किसानों को दी जा रही राहत की राशि से कृषकों के चेहरे खिल गए हैं।























