महासमुंद:बाइक लौटाने पहुंचे युवक से मारपीट, डंडे से पीटा और मोटरसाइकिल छीनी

महासमुंद। ग्राम चिंगरौद में मोटरसाइकिल लौटाने पहुंचे एक युवक के साथ गाली-गलौज कर मारपीट करने और उसकी बाइक छीन लेने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, ग्राम हथखोज, थाना फिंगेश्वर निवासी युवक 29 अगस्त को ग्राम चिंगरौद निवासी ओम प्रकाश की एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल मांगकर महासमुंद में एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने आया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह मोटरसाइकिल वापस लौटाने चिंगरौद पहुंचा। ओम प्रकाश की दुकान बंद मिलने पर उसने वहां बैठे लोगों से उसके बारे में जानकारी ली।
इसी दौरान यशवंत यादव व अन्य लोगों ने ओम प्रकाश को फोन लगाने के लिए कहा। पीड़ित ने फोन किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। आरोप है कि इसके बाद यशवंत यादव व अन्य लोगों ने बिना किसी कारण गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और डंडे व हाथ-मुक्के से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में युवक के पीठ और बाएं हाथ में चोट आई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान यशवंत यादव ने एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल छीन ली।
घटना को टावेन निषाद द्वारा देखे-सुने जाने की बात शिकायत में कही गई है। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।





























