महासमुंद:किराना दुकान में घुसकर मारपीट, गल्ले से रुपये निकालने का आरोप

महासमुंद। ग्राम चिंगरौद में किराना दुकान संचालक के साथ मारपीट और गल्ले से पैसे निकालने का मामला सामने आया है। पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 29 अगस्त को वह अपनी दुकान में बैठा था, तभी पप्पू निषाद और महेन्द्र पटेल दुकान पर पहुंचे और डिस्पोजल व पानी पाउच मांगा। दुकानदार द्वारा उक्त सामान नहीं बेचने की बात कहकर दूसरी दुकान जाने को कहने पर दोनों कथित रूप से उत्तेजित हो गए।
शिकायत के अनुसार, पप्पू निषाद ने लकड़ी से बने काउंटर को लात मारी और गल्ले में रखे रुपये निकाल लिए। विरोध करने पर दोनों ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में दुकानदार के सिर और दाएं हाथ की कोहनी में चोट आने की बात कही गई है। पीड़ित ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।



























