महासमुंद:5 मिनट में आती हूं” कहकर निकली महिला, दो दिन बाद भी सुराग नहीं

महासमुंद। जिला अस्पताल महासमुंद से अपनी बुआ के इलाज के लिए पहुंची 32 वर्षीय महिला के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों द्वारा आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश किए जाने के बाद भी महिला का कोई सुराग नहीं मिलने पर थाना महासमुंद में गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 29, बीटीआई रोड महासमुंद निवासी कुसुम साहू (32 वर्ष) 27 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12:50 बजे अपनी बुआ पांचो बाई का इलाज कराने जिला अस्पताल गई थीं। बताया गया है कि वह अपनी बुआ से “05 मिनट में आ रही हूं” कहकर अस्पताल से बाहर निकलीं, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटीं।
परिजनों ने आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन महिला का पता नहीं चला। इसके बाद 29 अगस्त को उनके पति नारायण लाल साहू ने थाना महासमुंद पहुंचकर गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 131/2026 कायम कर महिला की तलाश शुरू कर दी है तथा इसकी सूचना जिले के सभी थाना-चौकियों और डीसीबी शाखा महासमुंद को दी गई है। पुलिस के अनुसार महिला की पहचान के लिए उसका हुलिया भी जारी किया गया है। उनकी लंबाई करीब 5 फीट 2 इंच, गोल चेहरा, काले बाल, गोरा-गुलाबी रंग और सामान्य शारीरिक स्थिति बताई गई है। घटना के समय वह गुलाबी रंग की साड़ी-ब्लाउज पहने थीं और गले में मंगलसूत्र था। महिला हिंदी एवं छत्तीसगढ़ी बोलती हैं।





























