महासमुंद:देवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने पर भाभी ने युवती से की मारपीट जानिए मामला

महासमुंद। महासमुंद थाना परिसर में पूछताछ के लिए पहुंची एक युवती के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर जिले के बेलगहना थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती एमए की पढ़ाई कर रही है। उसने 7 अक्टूबर 2026 को गोपीकिशन साहू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी प्रकरण के संबंध में पूछताछ के लिए वह 8 अक्टूबर को महासमुंद थाना पहुंची थी।
युवती के मुताबिक, दोपहर करीब 3:25 बजे वह थाने के हॉल में बैठी थी। इसी दौरान गोपीकिशन साहू की भाभी राधा साहू वहां पहुंची और देवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की बात को लेकर कथित रूप से अश्लील गाली-गलौज करने लगी। आरोप है कि इसके बाद उसने युवती के बाल पकड़कर खींचे और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। साथ ही बाहर मिलने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता ने बताया कि मारपीट के कारण उसके गले और सिर में चोट लगी है तथा दर्द हो रहा है। घटना के दौरान रामचरण साहू मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने बीच-बचाव किया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296 एवं 351(3) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।





























