महासमुंद:हॉर्न बजाने को लेकर विवाद, दो भाइयों ने होटल व्यवसायी से की मारपीट

महासमुंद। नयापारा क्षेत्र में कार का हॉर्न बजाने को लेकर विवाद के बाद दो भाइयों द्वारा होटल व्यवसायी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना में पीड़ित के हाथ की उंगली और चेहरे पर चोट आई है, वहीं आरोपियों ने ईंट से कार का मिरर भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार वार्ड क्रमांक 11, दलदली रोड नयापारा निवासी होटल व्यवसायी 29 अगस्त की शाम अपनी पत्नी और बच्चों तथा भतीजे के साथ कार क्रमांक CG 06 GZ 4896 से मंदिर से घर लौट रहे थे। शाम करीब 6 बजे मछली मार्केट नयापारा में रोहित पटेल के घर के पास कुछ युवक सड़क पर चल रहे थे। कार चालक द्वारा हॉर्न बजाने पर समीर नामक युवक ने कार के बोनट पर हाथ मारा और गाली-गलौज करने लगा।
पीड़ित के कार से उतरकर गाली देने से मना करने पर समीर ने कथित तौर पर हाथ में रखे ब्लेड से हमला करने का प्रयास किया। इसी दौरान उसका भाई कबीर भी मौके पर पहुंच गया। शिकायत के मुताबिक दोनों भाइयों ने हाथ-मुक्के और ब्लेड से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है कि समीर ने पास में पड़ी ईंट उठाकर कार के मिरर पर मार दिया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। मारपीट में पीड़ित के दाहिने हाथ की उंगली और चेहरे पर चोट आई है। घटना के दौरान पीड़ित की पत्नी, बच्चे और भतीजा मौके पर मौजूद थे। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।



























