महासुमंद

महासमुंद‌:1 से 15 सितंबर तक जिले में साक्षरता पखवाड़ा, होंगे विविध आयोजन

महासमुंद। कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण श्री विनय कुमार लंगेह तथा जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं उपाध्यक्ष जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण सुश्री अनुपमा आनंद के मार्गदर्शन में जिले में 1 से 15 सितंबर तक अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता सप्ताह एवं साक्षरता पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसके तहत “सभी के लिए शिक्षा” की थीम पर विभिन्न जागरूकता एवं शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
छत्तीसगढ़ शासन, स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार जिले में भारत सरकार के उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य 15 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे वयस्कों को शिक्षा से जोड़ना है, जो स्कूली शिक्षा से वंचित रह गए हैं। पखवाड़े के प्रथम दिन 1 सितंबर को शासकीय कार्यालयों, स्कूलों एवं महाविद्यालयों में उल्लास शपथ और नारा लेखन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा।
इस दौरान ग्राम पंचायत एवं शहरी वार्ड स्तर पर घर-घर सर्वे कर असाक्षरों एवं स्वयंसेवी शिक्षकों की पहचान की जाएगी तथा उनका उल्लास मोबाइल एप के माध्यम से डिजिटल पंजीयन किया जाएगा। विद्यालयों में साक्षरता संगोष्ठी और “अंगूठे से कलम की ओर” अभियान चलाया जाएगा। शिक्षक दिवस पर साक्षरता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों एवं समाजसेवियों का सम्मान किया जाएगा।
स्थानीय हाट-बाजार एवं सार्वजनिक स्थलों पर साक्षरता चौपाल, नुक्कड़ नाटक और लोकगीतों के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम होंगे। स्कूलों, कॉलेजों एवं अन्य संस्थाओं में “सबके लिए शिक्षा” विषय पर चर्चा, वाद-विवाद, गीत, नृत्य, चित्रकला, पेंटिंग एवं मेहंदी जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
8 सितंबर को अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर विशेष कार्यक्रम होगा। शाम 7 बजे साक्षरता दीप प्रज्ज्वलन के साथ मानव श्रृंखला बनाई जाएगी। नवाचारी शिक्षक मनोरंजक शिक्षण सामग्री, जादुई पिटारा एवं अन्य नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे। वाचन दिवस पर दादा-दादी, नाना-नानी एवं माता-पिता द्वारा शिक्षार्थियों के साथ कहानी वाचन किया जाएगा।
महिला साक्षरता को बढ़ावा देने रेडियो जिंगल और लघु फिल्मों का प्रदर्शन होगा। स्वसहायता समूहों से जुड़ी निरक्षर महिलाओं को शिक्षा से जोड़ने विशेष कार्यक्रम किए जाएंगे। व्यावसायिक एवं डिजिटल साक्षरता के तहत स्मार्टफोन संचालन, सुरक्षित ऑनलाइन फॉर्म भरना, व्हाट्सएप संदेश पढ़ना और शासकीय एप के उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी।
पखवाड़े में नवसाक्षर महिला एवं पुरुषों की सहभागिता से उल्लास मेले का आयोजन होगा। हिन्दी दिवस पर निबंध, स्लोगन एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताएं होंगी। 15 सितंबर को समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण के साथ पखवाड़े का समापन किया जाएगा। इस अवसर पर सर्वेक्षित शिक्षार्थियों की अंतिम सूची तैयार कर उल्लास एप पर पंजीयन सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी एवं सदस्य सचिव श्री बनवारी लाल देवांगन, जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा श्री रेखराज शर्मा तथा जिला परियोजना अधिकारी श्रीमती सम्पा बोस द्वारा सभी विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों एवं नोडल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!