महासमुंद:झालखम्हरिया में दो दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर, ग्रामीणों की जांच कर लिए गए नमूने

महासमुंद। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्राम झालखम्हरिया में दो दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत भवन में आयोजित शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ आवश्यक जांचों के लिए नमूने भी एकत्र किए जा रहे हैं।
शिविर में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ग्रामीणों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी लेकर आवश्यक जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर मरीजों को उचित उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। आवश्यकता होने पर मरीजों को आगे की जांच एवं उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जाएगा।
स्वास्थ्य टीम ने ग्राम का भ्रमण कर शिविर का निरीक्षण किया और ग्रामीणों एवं मरीजों से मुलाकात कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सीएमएचओ डॉ. राव ने ग्रामीणों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में तत्काल स्वास्थ्य कार्यकर्ता या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की।
ग्रामीणों को गांव में ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पीएम जनमन वाहन भी झालखम्हरिया में तैनात किया गया है। वाहन के माध्यम से ग्रामीणों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं एवं जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
शिविर के दौरान जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वी.पी. सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक नीलू धृतलहरे, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास चंद्राकर, सीपीएम राहुल ठाकुर, बीपीएम सुरेंद्र चंद्राकर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर के आयोजन में सरपंच श्रीमती अनेश्वरी चंद्राकर एवं पंचायत प्रतिनिधियों का सहयोग मिल रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की है




























