
काकाखबरीलाल रायपुर, 17 जनवरी 2018
मंत्रालयीन कर्मचारियों द्वारा आज यहां मंत्रालय (महानदी भवन) में पूर्व मुख्य सचिव श्री विवेक ढांड को विदाई दी गयी और नए मुख्य सचिव श्री अजय सिंह का स्वागत किया गया। मंत्रालयीन कर्मचारी संघ द्वारा श्री विवेक ढांड को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर उनको सम्मानित किया गया। इस अवसर पर श्री ढांड ने नए मुख्य सचिव श्री अजय सिंह को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि श्री अजय सिंह मेरे पुराने और अच्छे मित्र है। इनके कुशल नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास की दिशा में और भी आगे बढ़ेगा। उन्होंने कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य गठन के समय विपरीत परिस्थितियों के बावजूद कर्मचारियों ने उत्साह के साथ काम किया। कर्मचारियों के मन में यह भावना थी कि दूसरे राज्यों की तुलना में छत्तीसगढ़ को अग्रणी राज्य बनाना है। उन्होंने कहा कि नए मंत्रालय में स्वस्थ्य वातावरण में कार्य कर रहे है। टीम भावना के साथ शासन के हित में कार्य करना कर्मचारियों का लक्ष्य रहा है। छत्तीसगढ़ में शासकीय कर्मचारियों की कमी के बावजूद विकास तेजी से हो रहा है। श्री ढांड ने कहा कि कर्मचारियों के हित में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आवासीय योजना के संचालन के साथ ही कर्मचारियों के कल्याण के लिए कार्य किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर नए मुख्य सचिव श्री अजय सिंह ने कहा कि तत्कालीन मध्यप्रदेश के समय से श्री ढांड के साथ कार्य करने का अनुभव रहा है। श्री ढांड एक ऊर्जावान अधिकारी हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सफलता में श्री ढांड का काफी योगदान है। इनके नेतृत्व में अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा बेहतर कार्य के परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ को पिछले 17 साल में अनेक अवार्ड मिले है। श्री सिंह ने कहा कि श्री ढांड को रेरा के अध्यक्ष का नया दायित्व मिला है। वहां भी वे अधिक सक्रियता से काम करेंगे। उन्होंने नए दायित्व के लिए श्री ढांड को शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव वन श्री सी.के.खेतान, सचिव जल संसाधन श्री सोनमणि बोरा, सचिव स्वास्थ्य श्री अनिल साहू, विशेष सचिव सामान्य प्रशासन विभाग सुश्री रीता शांडिल्य, ऊर्जा विभाग के विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी श्री एम.एस.रत्नम, मंत्रालयीन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री कीर्तिवर्धन उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।






















