महासमुंद : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले के एक लाख 8 हजार 679 किसानों की प्रविष्टि पूर्ण

काकाखबरीलाल,महासमुंद, 21अगस्त 2019
जिले में संचालित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले के एक लाख 8 हजार 679 किसानों की प्रविष्टि पूर्ण कर ली गई है और शेष के प्रविष्टि का कार्य जारी है। समय-सीमा की बैठक के दौरान कलेक्टर श्री सुनील कुमार जैन ने राजस्व अधिकारियों को प्रविष्टि का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत जिले के जिन कृषक खातेदार द्वारा अब तक निर्धारित प्रपत्र में आवेन पत्र या स्व घोषणा पत्र नहीं भरा गया है, ऐसे किसान निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र या स्व घोषणा पत्र भरकर आवश्यक दस्तावेज के साथ संबंधित हल्का पटवारी के पास आवेदन जमा कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करें ताकि इस योजना से अधिकाधिक किसान लाभान्वित हो सके।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रत्येक किसान परिवार जो कि एक फरवरी 2019 की स्थिति में इस योजना के तहत निर्धारित अपवर्जन की श्रेणी में नहीं आते हैं, उनको प्रति वर्ष 6000 रूपए तीन समान किश्तों में दिए जाने का प्रावधन है। पूर्व में योजना में केवल ऐसे लघु एवं सीमांत किसान परिवारों को ही सम्मिलित किया गया था, जिनकी कुल धारित भूमि पांच एकड़ या पांच एकड़ से कम है, परंतु भारत सरकार कृषि मंत्रालय के निर्देशानुसार कुल धारित रकबा की बाध्यता को समाप्त करते हुए अपवर्जन श्रेणी में नहीं आने वाले सभी किसान परिवारों को इस योजना के तहत लाभार्थी परिवार में शामिल किया गया है।























