महांसमुद: 15 दिन पहले गरियाबंद गए दो दंतैल फिर महासमुंद जिला वापस लौट आए गांवों में अलर्ट

15 दिन पहले गरियाबंद गए दो दंतैल फिर महासमुंद जिला वापस लौट आए हैं। गुरुवार देर रात जिले में इनकी आमद हुई। दोनों शहर से लगे जंगल अरंडए गौरखेड़ा के आसपास घूम रहे हैं। दंतैल रात होते ही सिरपुर क्षेत्र की ओर आगे बढ़ते हैं। वन विभाग के कर्मचारी इनके लोकेशन की जानकारी ले रहे हंै और उन पर नजर बनाए हुए हैं।
वन विभाग ने हादसे की आशंका को देखते हुए करीब दर्जनभर गांवों में अलर्ट जारी किया है। दंतैल के आमद की सूचना के बाद किसानों व ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। उन्हें चिंता सता रही है कि ये फि र उनके फसलों को बर्बाद करेंगे।
वन विभाग के मुताबिक दोनों दंतैल शहर के करीब स्थित गौरखेड़ा और सोरिद के बीच स्थित जंगल के कक्ष क्रमांक 58, 59, 60 में विचरण कर रहे हैं। शहर के करीब होने से विभाग की परेशानी और अधिक बढ़ गई है। हालांकि विभाग ने उन पर नजर रखने के लिए गजराज दल की टीम को क्षेत्र में लगा दिया है।
विभाग ने दोनों हाथियों की आमद की खबर देते हुए ग्रामीणों को अलर्ट रहने व जंगल की ओर आने.जाने से मना किया है।
वन विभाग ने गौरखेड़ा और सोरिद के बीच जंगल में हाथियों को विचरण करता देख आसपास करीब दर्जनभर गांव में अलर्ट जारी किया है। इसमें गौरखेड़ा, सोरिद, अरंड, उमरदा, पतेरापाली, कोसरंगी, केशवा, सिरगिड़ी, झालखम्हरिया, बनसिवनी, कौंदकेरा, लोहारडीह, घोंघीबाहरा,बंजारी, कौंवाझर और तुमगांव में अलर्ट जारी किया है। विभाग के अफसरों ने ग्रामीणों को महुआ बीनने जाने और अन्य किसी कार्य के लिए जंगल की ओर जाने से मना किया गया है। इसके साथ ही रात में भी अलर्ट रहने कहा है। हालांकि हाथियों ने अभी तक किसी प्रकार की कोई क्षति नहीं पहुंचाई है।
























