कोमाखान :रथ यात्रा मेला देखकर लौट रहे व्यक्ति से मारपीट, सिर व आंख में आई चोट

कोमाखान (महासमुंद)। थाना कोमाखान क्षेत्र के ग्राम सिवनीखुर्द निवासी यार खान (50 वर्ष) ने ग्राम सिवनीकला के दीपक साहू एवं उसके अन्य साथियों पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यार खान अपने भतीजे रिजवान खान, नाती अजलान खान तथा मित्र नंदकुमार पाड़े के साथ 19 जुलाई 2026 की शाम ग्राम सिवनीकला में आयोजित रथ यात्रा मेला देखने गए थे। मेला देखकर लौटते समय रात करीब 7 बजे तालाब की मेड़ स्थित बरगद के पेड़ के नीचे खड़े होकर एग रोल खा रहे थे। इसी दौरान आरोप है कि दीपक साहू अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और बिना किसी कारण गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी।
मारपीट में यार खान के सिर, दाहिनी आंख के नीचे तथा दाहिने हाथ के अंगूठे में चोट आई। सिर में चोट लगने से खून भी बहने लगा। बीच-बचाव करने पहुंचे भतीजे रिजवान खान के साथ भी धक्का-मुक्की किए जाने का आरोप लगाया गया है।
घटना के बाद पीड़ित ने थाना कोमाखान में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।































