सरायपाली :शोक पत्र बांटने लाई गई बाइक हुई चोरी पुलिस जांच में जुटी

सरायपाली। क्षेत्र में बाइक चोरी की एक और घटना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने अपने भांजे की हीरो HF डिलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक CG06GU2348) को अपने पिता के निधन के बाद शोक पत्र बांटने के लिए अपने पास रखा था।
बताया गया कि 10 मई 2026 को मोटरसाइकिल खराब होने पर उसे ग्राम गेर्रा स्थित अनिल ऑटो पार्ट्स में मरम्मत के लिए छोड़ा गया था। इसके बाद 12 मई 2026 को मिस्त्री अनिल भोई ने प्रार्थी के घर पहुंचकर सूचना दी कि रात के दौरान दुकान के सामने खड़ी मोटरसाइकिल को कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है।
प्रार्थी ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

































