महासमुंद:लापरवाही बनी जानलेवा ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, साथी घायल

महासमुंद। जिले के बोरिझर मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर शनिवार दोपहर हुए सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम आमाकोनी निवासी चेतन यादव अपने चचेरे भाई टोकेश्वर यादव के साथ हीरो डिलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 QE 3695) से निजी कार्य से रायपुर गए थे। वापस लौटते समय दोपहर करीब 2:40 बजे बोरिझर मोड़ के पहले एनएच-353 पर बागबाहरा की ओर से आ रहे ट्रक (क्रमांक KA 01 AJ 1666) के चालक ने कथित रूप से तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
हादसे में चेतन यादव के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं टोकेश्वर यादव के सिर के पीछे गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल महासमुंद पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने ट्रक चालक के विरुद्ध लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर दुर्घटना करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
































