बसना:अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बिछिया विद्यालय में हुआ सामूहिक योगाभ्यास, बच्चों ने दिखाया उत्साह

बसना। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शासकीय उच्च प्राथमिक शाला बिछिया (पो) में उत्साह एवं उल्लास के साथ योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “करो योग, रहो निरोग” के संदेश के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर योग के महत्व को आत्मसात किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक प्रार्थना से हुआ, जिसके बाद विद्यार्थियों ने अनुशासित ढंग से विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का प्रदर्शन किया। बच्चों ने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन सहित अनेक योग मुद्राओं का अभ्यास कर उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। योगाभ्यास के दौरान बच्चों के उत्साह और अनुशासन ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर संस्था प्रमुख श्री रामनाथ साव, प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक श्री अभिषेक कर, शिक्षक श्री विनोद विशाल, श्री नरेश कुमार मिश्रा, श्रीमती शुभकुमारी बाघ, ग्राम पंचायत सचिव श्री मेघनाथ पटेल, स्वास्थ्य संयोजक श्री बाल्मीक साव एवं सहायक शिक्षक श्री सुशील प्रधान विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए नियमित योग को स्वस्थ जीवन की आधारशिला बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था प्रमुख श्री रामनाथ साव एवं शिक्षकों ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक एकाग्रता और आत्मविश्वास को भी बढ़ाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से दैनिक जीवन में योग को अपनाने का आह्वान किया।
विद्यालय परिवार ने बताया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में समस्त विद्यालय परिवार ने क्षेत्रवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं।
































