तुमगांव :जेसीबी की चपेट में आने से युवक घायल, उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती

महासमुंद। जिले के ग्राम पीढी में खेत में कार्य के दौरान जेसीबी वाहन की चपेट में आने से एक युवक घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 जून 2026 की रात लगभग 1 बजे ग्राम पीढी निवासी एक ग्रामीण को विरेंद्र कुमार साहू ने फोन पर सूचना दी कि उसका नाती निखिल साहू, जो तानेश साहू के खेत में काम कर रहा था, जेसीबी वाहन क्रमांक CG04QP4022 की चपेट में आ गया है।
बताया गया कि जेसीबी चालक सुंदर यादव (34 वर्ष), निवासी ग्राम गढ़सिवनी, वाहन को पीछे कर रहा था, तभी दुर्घटना हो गई। हादसे में निखिल साहू के सीने में चोट आई। घटना के बाद चालक घायल युवक को जेसीबी में बैठाकर खेत से ग्राम पीढी स्थित राइस मिल के पास लेकर आया। इसके बाद ग्राम के सरपंच धारेंद्र कुमार साहू ने अपनी गाड़ी से घायल को उपचार के लिए आरंग स्थित श्रेयांश अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे, जहां निखिल साहू का उपचार जारी था। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है तथा परिजनों ने घटना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।






























