तुमगांव:शराब के लिए पैसे नहीं देने पर नाती ने नाना और दामाद पर किया हमला, मामला दर्ज

तुमगांव । थाना क्षेत्र के ग्राम कुकराडीह में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक द्वारा अपने ही नाना और रिश्तेदार पर डंडे से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सतनामीपारा कुकराडीह निवासी बाबादास मन्नाडे (70 वर्ष) ने थाना तुमगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 17 जून 2026 की रात करीब 11 बजे उनका नाती गोपालप्रसाद मन्नाडे शराब पीने के लिए उनसे पैसों की मांग कर रहा था। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने डंडे से बाबादास मन्नाडे के सिर पर वार कर दिया।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे बाबादास के दामाद मनोज निराला पर भी आरोपी ने डंडे से हमला कर दिया, जिससे दोनों के सिर में चोट आई और खून बहने लगा। शोर सुनकर परिवार के सदस्य त्रिलोकचंद गेंड्रे और मनहरण मन्नाडे मौके पर पहुंचे तथा डायल-112 को सूचना दी।
पुलिस वाहन के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गया। घायलों को डायल-112 की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। अगले दिन थाना पहुंचकर पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी गोपालप्रसाद मन्नाडे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 119(1) और 296 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।






























