सरायपाली : मेगा ब्लड डोनेशन 17 को

आगामी 17 सितम्बर को रक्तदान को बढ़ावा व उसके प्रचार को ध्यान में रखते हुए अखिल भारतीय जैन तेरापंथ युवक परिषद द्वारा मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए परिषद द्वारा एक दिन पूर्व नगर में रक्तदान के प्रति रुझान को बढ़ावा दिए जाने के उद्देश्य से एक महारैली का भी आयोजन किया जा रहा है। इस मेगा रक्तदान शिविर को स्थानीय प्रशासन व विभिन्न विभागों के अधिकारीयों व कर्मचारियों द्वारा भी समर्थन दिया गया है। इस संबंध में परिषद ने बताया कि आगामी 17 सितम्बर को सरायपाली के ‘जैन भवन’ व ‘गीता भवन’ में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। यह रक्तदान शिविर दोनों स्थानों पर सुबह 9 से शाम 7 बजे तक आयोजित किया जाएगा। पूरी सुविधाओं, साधन व चिकित्सकों के देखरेख में ब्लड डोनेट का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्य में दो निजी अस्पताल की भी सेवाएं ली जा रही हैं। रक्तदान की आवश्यकता व उसे बढ़ावा देने के लिए परिषद द्वारा स्कूलों, बैंकों, राजनैतिक पार्टियों, विभिन्न विभागों, संघ, संगठनों व अन्य समितियों के सदस्यों से चर्चा उपरांत पूर्ण सहयोग किए जाने व रक्तदान किए जाने का भी आश्वासन दिया गया है। परिषद के सदस्यों ने बताया कि विगत 2014 में परिषद द्वारा मेगा ब्लड डोनेशन का आयोजन किया गया था। सीमित प्रचार-प्रसार के चलते 463 यूनिट ब्लड एकत्र किया गया था। अब समय बदल चुका है। सोशल मीडिया के चलन के चलते आसानी से प्रचार प्रसार हो रहा है। इस शिविर में 1000 से अधिक यूनिट ब्लड कलेक्ट किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके वृहद प्रचार प्रसार व रुझान बढ़ाने 16 सितम्बर को नगर के संतोषी मंदिर से एक महारैली नगर भ्रमण करते हुए जयस्तंभ चौक पर सभा के रूप में परिवर्तित होंगी। परिषद व प्रशासन द्वारा रक्तदान को बढ़ावा दिए जाने के लिए जो रक्तदान करने में सक्षम है उसे रक्तदान अवश्य करने का अनुरोध किया है।




























