राजधानी के संतोषी नगर में सगी बहनों की हत्या करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार।

रायपुर(काकाखबरीलाल)।संतोषी नगर दोहरा हत्याकांड में पुलिस को तीनों संदेहियों के बारे में पुख्ता क्लू मिल गए हैं। एक संदेही की पहचान रायगढ़ के सैफ के रूप में हुई है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। दो अन्य संदेहियों में एक रायपुर और दूसरा रायगढ़ का है। पुलिस तीनों की तलाश कर रही है। बुधवार को दोनों बहनों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए हैं। परिजनों ने भी सैफ का नाम लिया है। वह एक साल से युवती को परेशान कर रहा था। उनके बीच पहले दोस्ती थी। बाद में ब्रेकअप हो गया। ब्रेकअप के कुछ दिनों बाद से सैफ उससे दोबारा मिलने की कोशिश करने लगा। युवती ने मना कर दिया। इसी बात को लेकर उसने युवती को देख लेने की धमकी दी थी।
अब तक की जांच में पता चला है कि खूनी वारदात से दस दिन पहले भी संदेही सैफ ने मंजू को धमकी दी थी कि अगर उसने उससे बातचीत नहीं की तो अंजाम बुरा होगा। इसी घटना के बाद मंजू अपनी छोटी बहन मनीषा के पास रायपुर आ गई। उसके बाद से संदेही लगातार मंजू को फोन पर धमकी देने लगा। वह मंगलवार को सुबह रायगढ़ से आया। उसका दोस्त भी साथ में था। रायपुर आकर उन्होंने अपने एक दोस्त से संपर्क किया। उसके बाद तीनों संतोषीनगर पहुंचे। उनका रायपुर वाला दोस्त बाइक के पास खड़ा हो गया, जबकि सैफ और उसका साथी युवती के घर पहुंचे। उन्हीं पर हत्या का शक है। एएसपी सिटी प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि मृतका मंजू सिदार और उसकी छोटी बहन मनीषा की एक बहन पुरानी बस्ती में रहती है। उससे भी घटना को लेकर पूछताछ की गई। उनके पिता जालंधर सिदार का बयान ले लिया गया है।
दरिंदों ने की सगी बहनों की हत्या : गोदावरी नगर में मंगलवार सुबह करीब 11.30 बजे घर में घुसकर दो हत्यारों ने छात्रा मनीषा सिदार और उसकी बड़ी बहन मंजू सिदार की तवा से पीट-पीटकर हत्या कर दी। जिस मकान में हत्या हुई उसके ठीक सामने वाले घर में सीसीटीवी कैमरा लगा है। उसमें दो संदेही तेजी से मेनरोड की ओर भागते हुए दिख रहे हैं। फुटेज की पहचान मकान मालिक बंटी साहू, वहां रहने वाली दो छात्राओं और मृतका की बहन ने भी की है।
सोशल मीडिया में युवती के साथ लिखा अपना नाम
रायगढ़ का संदेही युवक मृतका से एकतरफा प्रेम करता था। उसने सोशल मीडिया में भी युवती के साथ अपना नाम लिखकर अकाउंट बनाया है। उसने सोशल मीडिया में भी युवती के नाम संदेश लिखा है। टिकरापारा पुलिस का कहना कि मृतका मंजू के हाथ में गोदना है। उसमें संदेही युवक का नाम लिखा है। पुलिस ये भी पता लगा रही है कि क्या उनके बीच प्रेम संबंध था? चर्चा है कि संदेही युवक और युवती ने शादी कर ली थी, लेकिन बाद में वह युवक को छोड़कर अपने घर आ गई और पुलिस में छेड़खानी व परेशान करने की शिकायत कीं।
ऑटो में बैठकर आए थे युवक : पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार सुबह पौने आठ बजे रायगढ़ से संदेही युवक रायपुर पहुंचे। रेलवे स्टेशन से ऑटो में बैठकर संतोषी नगर पहुंचे। मेनरोड से पैदल गोदावरी नगर पहुंचे जहां मनीषा और मंजू रहते थे। पुलिस को कुछ और फुटेज मिला है। घटना के पहले आरोपी वहां पर संदेही युवक घूमते हुए दिखाई दिए हैं। दो जगह पुलिस को तीन युवक भागते हुए दिख रहे है। इसलिए आशंका जताई जा रही है कि कातिल तीन थे। दो ऊपर युवतियों के कमरे में गए थे और एक उनका नीचे इंतजार कर रहा था। वह तीसरा युवक ही बाइक लेकर आया था, जिसमें हत्या के बाद संदेही भागे हैं।
संदेही
दोनों बहनों का मोबाइल गायब : दोनों बहन मंजू और मनीषा का मोबाइल घटना स्थल से गायब है। पुलिस मोबाइल की तलाश कर रही है।


























