सरायपाली:चिकन देने पहुंचे युवकों से मारपीट, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी

सरायपाली। थाना सरायपाली क्षेत्र के वीरेंद्र नगर मरारपारा वार्ड क्रमांक 01 में मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता के अनुसार 30 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे वह अपनी बहन खुशबू पटेल के साथ 100 बिस्तर अस्पताल के पास से चिकन देने के लिए नेक्सा शोरूम के पास विक्की यादव और राकेश डडसेना के पास गई थी।
शिकायत के मुताबिक बातचीत के दौरान सियाराम डडसेना अपने पुत्र पियुष डडसेना के साथ वहां पहुंचा और राकेश डडसेना से पूर्व विवाद को लेकर मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पर आरोपियों द्वारा शिकायतकर्ता, उसकी बहन खुशबू पटेल और राकेश डडसेना के साथ हाथ-मुक्के से मारपीट करने तथा अश्लील गाली-गलौज करने का आरोप है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि घटना की जानकारी फोन से भाई खेमराज पटेल को देने पर वह मौके पर पहुंचा, लेकिन उसके साथ भी गाली-गलौज कर मारपीट एवं जान से मारने की धमकी दी गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। आरोप है कि मारपीट के दौरान शिकायतकर्ता के गर्दन व छाती में चोट आई तथा कपड़े भी खींचे गए। वहीं खुशबू पटेल, राकेश डडसेना, खेमराज पटेल और प्रशांत यादव को भी चोट लगने की बात कही गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार पियुष डडसेना मोबाइल से मारपीट का वीडियो भी बना रहा था।
घटना के दौरान आसपास लोगों की भीड़ जुट गई थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।






























