बलौदा:पुरानी रंजिश में तीन भाइयों पर हमला, गला दबाकर मारपीट का आरोप

सरायपाली/बलौदा। ग्राम मुड़पहार में पुरानी रंजिश को लेकर तीन भाइयों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने बलौदा थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, प्रफुल्ल साहू, ललित साहू और प्रदीप साहू 31 अगस्त की सुबह करीब 11:30 बजे खेत से घर लौट रहे थे। इसी दौरान घर के पीछे सोसायटी मार्ग में परेश साहू निवासी सेमलिया, राकेश साहू, पंचानंद साहू, बृजेश साहू, सुरेन्द्र साहू उर्फ बाबा, अभिजीत साहू उर्फ गुड्डा निवासी मुड़पहार सहित अन्य लोगों ने रास्ता रोककर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि आरोपियों ने गला दबाया तथा लात-घूंसे और कठोर वस्तु से हमला किया।
मारपीट में प्रफुल्ल साहू के सिर और बाईं आंख के ऊपर अंदरूनी चोट लगने के साथ गले, सिर व छाती में चोट आने की बात कही गई है। वहीं ललित और प्रदीप साहू ने गले में चोट लगने के कारण सांस लेने में तकलीफ होने की शिकायत की है।
शिकायत में यह भी बताया गया है कि घटना से एक दिन पहले 30 अगस्त की शाम करीब 8 बजे तालाब किनारे राकेश साहू द्वारा प्रदीप साहू के साथ कथित रूप से गाली-गलौज और मारपीट की गई थी। इसके बाद सुरेन्द्र साहू, पंचानंद साहू, अभिजीत साहू उर्फ गुड्डा, सुनील साहू, बृजेश साहू और हरिश साहू के मौके पर पहुंचने तथा धक्का-मुक्की कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ितों ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।





























