पिथौरा

जनता के प्राचार्य’ डॉ.समीर चंद्र प्रधान की सेवानिवृत्ति पर अभूतपूर्व हृदयस्पर्शी सम्मान समारोह


नंदकिशोर अग्रवाल, काकाख़बरीलाल @ पिथौरा। स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी हिंदी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पटेवा के प्राचार्य डॉ. समीर चंद्र प्रधान की सेवानिवृत्ति पर विद्यालय परिवार एवं पालकों द्वारा भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र छात्राओं द्वारा गीत एवं नृत्य के माध्यम से अनेक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इन कार्यक्रमों में छात्र छात्राओं द्वारा अपने प्रिय प्राचार्य डॉ.समीर चंद्र प्रधान के व्यक्तित्व की शैक्षणिक गुणवत्ता, कर्तव्य, निष्ठा, और छात्र छात्राओं के प्रति प्रेम और प्रतिबद्धता को अभिव्यक्त करती हुई अनेक अद्भुत झाँकियाँ प्रस्तुत की गईं। 11:00 बजे से 4:00 बजे तक लगातार 5 घंटे तक चले इस कार्यक्रम में पालकों, ग्रामीणों, विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों के सदस्यों, शिक्षकों एवं पूर्व छात्र-छात्राओं के द्वारा डॉक्टर समीर चन्द्र प्रधान को अनेक उपहार
भेंट कर शुभकामनाएँ देने का सिलसिला अनवरत जारी रहा। उल्लेखनीय है कि राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अनेक पुरस्कारों से सम्मानित डॉ समीर चंद प्रधान ( डी लिट)
अत्यंत लोकप्रिय प्राचार्य रहे। डॉ. समीर चंद्र प्रधान सन् 2024 में प्रमुख अंतरराष्ट्रीय पत्रिका ‘फोर्ब्स इंडिया’ द्वारा भारत के 10 प्रभावशाली व्यक्तित्वों में प्रथम स्थान के साथ चुने गए थे एवं उनका सचित्र परिचय प्रकाशित हुआ था। अंतरराष्ट्रीय पत्रिका ‘एजुकेडर’ ने उन्हें ‘people’s principal’ (जनता के प्राचार्य) के रूप में सम्मानित किया था एवं उनकी सचित्र स्टोरी पत्रिका के कव्हर पेज पर प्रकाशित किया था।
सम्मान समारोह के इस अवसर पर महासमुंद जिले के उच्च शैक्षणिक अधिकारी गण, शाला के समस्त स्टाफ, छात्र छात्राओं, ग्राम पंचायत पदाधिकारियों, शाला विकास समिति के सदस्यों, व्यापारी संघ पटेवा एवं आस पास के ग्रामीणों सहित जिले के विभिन्न स्थानों से पधारे अतिथियो के साथ बहुत बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति में अनेक वक्ताओं ने डॉ. समीर चंद्र प्रधान के व्यक्तित्व एवं कर्तव्य निष्ठा की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी एवं उनके स्वस्थ और सुदीर्घ जीवन की कामना की।
महासमुंद के जिला शिक्षा अधिकारी श्री बी.एल. देवांगन जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि डॉ.समीर चंद्र प्रधान ने शैक्षणिक उत्कृष्टता के जो मानदंड स्थापित किए हैं वे अन्य प्राचार्यों के लिए एक चुनौती हैं। उन्होंने कहा कि जिले में शिक्षा का माहौल बनाने के लिए अद्वितीय व्यक्तित्व डॉ. समीर चंद्र प्रधान जी का मैं अवश्य मार्गदर्शन लूंगा। जिला समन्वयक रेखराज शर्मा जी ने कहा की जिन महत्वपूर्ण कार्यों के लिए प्राचार्य गण शासन प्रशासन के निर्देश का इंतजार करते हैं, डॉ. समीर चंद्र प्रधान उन कार्यों की शुरुआत पहले से ही कर चुके होते थे यही उनकी दूरदर्शिता और कार्य कुशलता की विशेषता थी।
विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी महासमुंद श्री भोपाल बंजारा ने कहा की समीर चंद्र प्रधान की इस विदाई एवं सम्मान समारोह को देखकर मैं अभिभूत हूँ। ऐसा अद्भुत सम्मान समारोह मैंने अपने शैक्षणिक कार्यकाल में कभी नहीं देखा। यह कार्यक्रम डॉ. समीर चंद्र प्रधान के विराट व्यक्तित्व का परिचायक है। सेजेस नोडल अधिकारी श्रीमती अमी रूफस ने डॉ. समीर चंद्र प्रधान के अनुकरणीय कार्यकाल एवं बच्चों के प्रति उनके समर्पण और स्नेह की अत्यंत सराहना की । उन्होंने बच्चों से कहा कि प्रधान सर ने आपके लिए जो शैक्षणिक उच्चता स्थापित की है उसे नीचे गिरने मत देना।
सेजेस हिंदी माध्यम महासमुंद के वरिष्ठ प्राचार्य श्री हेमेंद्र आचार्य ने डॉक्टर समीर प्रधान के व्यक्तित्व और प्रशासनिक क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि श्री प्रधान बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं, उन्होंने अपनी प्रतिभा का उपयोग अपनी प्रशासकीय क्षमता के साथ समस्याओं के निराकरण में कुशलता के साथ उपयोग किया। पब्लिक स्कूल तुमगांव के प्राचार्य सुरेंद्र मानिकपुरी ने कहा की डॉक्टर समीर चंद प्रधान विद्यालय की समस्याओं को बहुत गंभीरता से लेते थे और उसके निराकरण के लिए पलकों एवं जन प्रतिनिधियों से समन्वय का अद्भुत उदाहरण पेश करते हुए रास्ता निकालते थे।
पटेवा के पूर्व सरपंच एवं शाला प्रबंधन समिति के पूर्व अध्यक्ष सुनील पटेल ने कहा कि हमारे प्राचार्य श्री समीर चंद्र प्रधान ने अपनी कर्मठता से पटेवा हायर सेकेंडरी स्कूल का कलेवर ही बदल दिया, उनके आने से हमारा स्कूल राष्ट्रीय स्तर तक सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंच गया।
डी एम एस महासमुंद के प्राचार्य कौशल शुक्ला ने कहा समीर प्रधान मेरे अंतरंग मित्र हैं मैं उनकी प्रतिभा का हमेशा कायल रहा हूँ। उन्होंने बताया कि समीर प्रधान पटेवा से पहले डीएमएस महासमुंद के भी प्राचार्य रहे। समीर प्रधान ने साधन विहिन शाला डीएमएस महासमुंद को भी अपनी प्रतिभा के बलबूते साधन संपन्न श्रेष्ठ शाला में परिवर्तित करने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। वरिष्ठ व्याख्याता श्रीमती अर्चना तिवारी ने डॉ समीर चंद प्रधान के कार्यकाल की उपलब्धियों और सफलता की लंबी सूची का वाचन करते हुए श्री प्रधान की
कार्य कुशलता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की आयोजन संस्था सेजेस पटेवा के वर्तमान प्राचार्य श्री अरुण कुमार बनर्जी ने कहा कि डॉ समीर प्रधान बेस्ट लीडर रहे, उन्होंने हमारे विद्यालय को फर्श से अर्श तक पहुंचा दिया। उनके आदर्शों को कायम रखने की जवाबदारी अब हम लोगों की है।
कार्यक्रम के केंद्रीय व्यक्तित्व डॉ.समीर चंद प्रधान ने अपने सारगर्भित उद्बोधन बोधन में कहा कि शिक्षक का पद अन्य कर्मचारियों और अधिकारियों से ऊँचा होता है, अत: हमसे उम्मीद भी अधिक होती है। उन्होंने शिक्षकों को शिक्षा के ध्येय वाक्य” if the child excels school excels” (यदि बच्चे उत्कृष्ट होंगे तो स्कूल भी उत्कृष्ट होगा)” को आत्मसात करने का आव्हान करते हुए कहा कि हमें NEP 2024 ( नई शिक्षा नीति 2024) को ध्यान मे रख कर भारत को Center of gravity (गुरुत्व केन्द्र) बनाना है। इसके लिए शिक्षक एवं प्राचार्य ही प्रमुख हथियार हैं।
उद्बोधन की कड़ी में डीएमएस महासमुंद के पूर्व प्राचार्य श्री सतीश कुमार पांडे, डॉ समीर चंद्र प्रधान के बड़े भाई साहित्यकार श्री प्रवीण ‘प्रवाह’ एवं माताजी श्रीमती छायापति प्रधान ने भी अपना उद्बोधन दिया। इस अवसर पर समीर चंद्र प्रधान के परिवार से उनकी भाभी श्रीमती जयंती प्रधान (प्रधान पाठक विद्या मंदिर नयापारा खुर्द) भतीजी संस्कृति प्रधान (सेजेस सांकरा), सहित सेजेस पिथौरा के प्राचार्य श्री महेश साहू, उच्च.मा. विद्यालय गोड़ बहाल के प्राचार्य श्री मुकेश डडसेना,
पटेवा के संकुल समन्वयक राजू देवांगन, वरिष्ठ पत्रकार नोहर साहू, वरिष्ठ पत्रकार देवराज साहू, सरपंच दूज बाई ध्रुव, उपसरपंच संतोष शर्मा, पालक अधिकारी सुनील शुक्ला, पालक समिति उपाध्यक्ष धनंजय चंद्राकर, पालक समिति सचिव प्रेमलता जाटवर, रूपेंद्र त्रिपाठी, व्यापारी संघ से मनोहर दुबे, मानसिंह देवांगन, पालक समिति सदस्य कमला साहू, शंकर लाल बंजारा (से.नि. ग्रेड 3) गौरांगो राजहंस (से.नि.ग्रेड 2), कुमारी बाई कन्नौजै( से.नि. भृत्य) एवं अनेक गणमान्य नागरिक अतिथि दीर्धा में उपस्थित थे। कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के समस्त शिक्षक शिक्षिका एवं अन्य कर्मचारियों एवं संकुल के समस्त विद्यालयों के शिक्षक शिक्षिकाओं की सहभागिता उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम का सफल संचालन भीषम लाल सिन्हा (हिंदी माध्यम) ,ज्योति भास्कर (अंग्रेजी माध्यम) तथा किरण विस्वास (पूर्व छात्रा) ने सम्मिलित रूप से किया। प्राचार्य श्री अरुण कुमार बैनर्जी ने कार्यक्रम की सफलता के लिए अतिथियों, विद्यालय परिवार एवं समस्त ग्रामीणो के प्रति आभार प्रदर्शन किया।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!