सरायपाली :मुख्यमंत्री की अपील का दिख रहा है असर पैरा दान रोहिना के किसानों ने भी किया

मुख्यमंत्री द्वारा किसानों से पैरा दान करने की अपील किए जाने के बाद अब क्षेत्र के किसान गोठानों में पैरा दान करने के लिए स्वयमेव आगे आ रहे हैं। इसी कड़ी में ग्राम रोहिना के किसानों के द्वारा भी विगत दिनों गोठान में पैरा दान किया गया है। राज्य सरकार के नरवा, घुरवा और बाड़ी योजना के अंतर्गत ब्लाक में कई गोठान बनाए गए हैं, जिसके संचालन के लिए अध्यक्ष भी नियुक्त किये गए हैं। विगत दिनों मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सरायपाली आगमन के दौरान उन्होंने सभी किसानों से पैरादान करने की अपील की थी। इसे गंभीरता से लेते
हुए अब किसान खेतों से पराली ट्रैक्टर में एकट्ठा कर गोठानों में जमा कर रहे हैं। पैरा दान की शुरुआत बीते वर्ष से की गई है।
गौरतलब है कि ब्लाक में धान फसल की कटाई बहुतायत कंबाइन
हार्वेस्टर से की जाती है, जिससे पैरा खेतों में फैल जाता है। इस पैरा को आमतौर पर किसान एकत्र करने के बजाय जला देते हैं, जिससे पर्यावरण प्रदूषित होता है और पशुओं के लिए चारा भी उपलब्ध
नहीं हो पाता है। कई किसान पैरा एकत्र करने में रूचि भी नहीं दिखाते हैं। लेकिन मुख्यमंत्री के अपील के बाद अब लोगों के विचारों में परिवर्तन दिखाई दे रहा है और वे पुनः पैरा एकत्र कर उसे दान करने में रुचि दिखाने लगे हैं। ब्लाक के कई ग्राम पंचायतों में पैरा दान का सिलसिला जारी है। इस कड़ी में ग्राम पंचायत रोहिना स्थित गोठान में भी किसानों ने स्व प्रेरित होकर पैरा दान किया है। गांव के कृषक कमलेश साहू, चूड़ामणि साहू एवं युवा मितान क्लब के अध्यक्ष खिरोद्र साहू द्वारा एक-एक ट्राली पैरा का दान किया गया है। वहीं सरपंच जज्ञसिनी साहू ने भी किसानों से पैरा को जलाने की बजाय दान करने की अपील की है।
























