कोविड महामारी नहीं गया लेकिन यहां मोहल्ला क्लास के नाम पर खोल दिए स्कूल

रायपुर( काकाखबरीलाल).स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने भले ही ये कहा है कि स्कूल खोलने पर विचार नहीं किया जा रहा है. बच्चों की सुरक्षा ही हमारी पहली प्राथमिकता है, लेकिन रायपुर के शासकीय स्कूल में ऐसा लग रहा मानो स्कूल ही खोल दिये गए हैं. यहां बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है.रायपुरा के शासकीय स्कूल से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जहां बच्चे भीड़ बनाए हुए नजर आ रहे हैं, ना तो बच्चों ने मास्क लगाया है और ना ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो रहा है. या यूं कहे कि यहां पर मोहल्ला क्लास के नाम पर स्कूल ही खोल दिए गए है, वो भी तब जब विशेषज्ञों ने ये चिंता जाहिर की है कि कोरोना की तीसरी लहर का खतरा सबसे ज्यादा बच्चों को होगा.इस मामले में जब हमने स्कूल की प्रधान पाठक लक्की शुक्ला से बात की तो उन्होंने कहा कि पालक रुझान दिखा रहे कि उनके बच्चों की पढ़ाई ना छूटे, इसलिए मोहल्ला क्लास में ज्यादा बच्चे आ रहे हैं. यहां कोरोना गाइडलाइन का पूरी तरीके से पालन कराया जा रहा है, जिन बच्चों ने मास्क नहीं लगाया है. उन्हें मास्क भी दिया जा रहा है.


























